Surya Grahan 2025:- साल 2025 का दूसरा और अंतिम सूर्य ग्रहण सितंबर में लगने जा रहा है, जिसे लेकर लोगों के बीच उत्सुकता और शंकाएं दोनों हैं। सूर्य ग्रहण न केवल एक महत्वपूर्ण खगोलीय घटना है, बल्कि इसका धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टिकोण से भी विशेष महत्व होता है। परंपरागत मान्यताओं के अनुसार सूर्य ग्रहण को शुभ नहीं माना जाता है, और इसके दौरान कई सावधानियां बरतने की सलाह दी जाती है। जैसेइ, स समय भोजन करने, सोने, पूजा-पाठ करने और अन्य शुभ कार्यों से परहेज किया जाता है। खासकर गर्भवती महिलाओं को इस दौरान विशेष सतर्कता रखनी होती है।
लोगों के मन में अक्सर सवाल होता है कि सूर्य ग्रहण का असर कब और कहां दिखाई देगा, क्या भारत में इसका सूतक काल मान्य होगा या नहीं, और ग्रहण के दौरान क्या करना चाहिए व क्या नहीं। ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि साल का यह अंतिम सूर्य ग्रहण कब लगेगा, कितनी देर तक रहेगा, और क्या यह भारत में नजर आएगा। इस लेख में हम आपको सूर्य ग्रहण 2025 से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां देंगे ग्रहण की तारीख, समय, भारत में दृश्यता, सूतक काल और ग्रहण से जुड़े जरूरी नियम।
Surya Grahan 2025:- सूर्य ग्रहण डेट और टाइम
साल 2025 के दूसरे और आखिरी सूर्य ग्रहण की शुरुआत 21 सितंबर को होगी। Solar Eclipse की शुरुआत रात 11 बजे से होगी। ग्रहण 22 सितंबर की सुबह 3 बजकर 24 मिनट तक चलेगा। यानी सूर्य ग्रहण की कुल अवधि 4 घंटे 24 मिनट तक होगी। आपको बता दें कि यह एक आंशिक सूर्य ग्रहण (Partial Solar Eclipse 2025) होगा।
Surya Grahan 2025:- भारत में सूतक काल मान्य होगा या नहीं?
हिंदू धर्म की मान्यता के मुताबिक, सूर्यग्रहण से 12 घंटे पहले सूतक काल शुरू हो जाता है। इस दौरान मंदिरों के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। किसी भी धार्मिक या शुभ कार्य को करना वर्जित माना जाता है। ज्योतिषाचार्य हर्षवर्धन शांडिली बताते हैं कि चूंकि 21 सितंबर को लगने वाला सूर्यग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा, इसलिए भारत में इसका सूतक काल मान्य नहीं होगा। आम जनजीवन पर इसका कोई धार्मिक प्रभाव नहीं पड़ेगा।
Surya Grahan 2025:- कहां-कहां दिखाई देगा सूर्यग्रहण?
यह खंडग्रास सूर्यग्रहण दुनिया के कई भागों में दिखाई देगा, जो मुख्य रूप से ऑस्ट्रेलिया, यूरोप, अफ्रीका, उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका, और प्रशांत और अटलांटिक महासागर के कुछ हिस्सों में देखा जा सकेगा। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोग इस खगोलीय दृश्य का प्रत्यक्ष अनुभव कर सकेंगे, जबकि भारत में यह पूरी तरह अदृश्य रहेगा।
Surya Grahan 2025:- सूर्य ग्रहण के दौरान क्या न करें?
ग्रहण के दौरान नग्न आंखों से सूर्य को नहीं देखना चाहिए, क्योंकि यह आंखों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसके अलावा, इस दौरान भोजन बनाना और खाना वर्जित माना जाता है। माना जाता है कि इस दौरान नकारात्मक ऊर्जा बढ़ जाती है, जो खाने-पीने की चीजों को दूषित कर सकती है। वहीं गर्भवती महिलाओं को ग्रहण के समय घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए, क्योंकि इसका असर उनके होने वाले बच्चे पर पड़ सकता है। इस समय भगवान की मूर्तियों को छूने और पूजा-पाठ करने से भी बचना चाहिए।
Surya Grahan 2025:- सूर्य ग्रहण के दौरान क्या करें?
इस समय धार्मिक ग्रंथों का पाठ करना और मंत्र जाप करना शुभ माना जाता है। सूर्य ग्रहण के दौरान घर में रखे खाने-पीने की चीजों में तुलसी के पत्ते डाल दें, ताकि वे दूषित न हों। ग्रहण समाप्त होने के बाद स्नान करना जरूरी होता है, जिससे शरीर और मन की शुद्धि होती है। इसके बाद मंदिर की सफाई करें और जरूरतमंदों को दान दें। ऐसा करने से ग्रहण का नकारात्मक असर कम होता है।